गुरुवार, 4 फ़रवरी 2016

आत्मीयता (कहानी)

दिन भर की आपाधापी के पश्चात् रात के डेढ वजे सोसाइटी में सन्नाटे को देख लगा कि रात हो गयी | लेकिन अब भी सन्नाटे को तोड़ रही थी चौकीदार के ठक – ठक जमीन पर पटकते डंडे की आवाज | सुमेर की आँखों से नींद अभी भी कोसो दूर थी | पत्नी चार दिन से अपने ऑफिस के टूर पर गयी हैं गोवा | बेटा दोस्तों के साथ ... दो दिन से घर नहीं आया | आज शाम को फ़ोन आया “ पापा मै आज नहीं आ सकता आप इन्तजार मत करना “ | बिज़नस का भी हाल अच्छा नहीं | पहले तो कमर तोड़ी बड़े बड़े शॉपिंग मॉल ने | प्रत्येक ग्राहक मॉल ही जाना चाहता है  | एयर कंडीशन , लिफ्ट , अस्क्लेटर ,नामी ब्रांड के सामान में आकर्षक छूट | दो के साथ एक फ्री | इ.एम्.आई. आप्शन | न जाने क्या – क्या | नयी दुनिया के नए फंडे | और अब मॉल के पश्चात ऑनलाइन शॉपिंग की तो जैसे बाढ़ ही बाढ़ आयी है | टेलीविज़न, इन्टरनेट , मोबाइल फ़ोन पर ही आर्डर बुक हो रहे हैं | घर बैठे – बैठे लूंण – तेल, साग – भाजी , फल – फूल , लते – कपड़े , सुई  से लेकर सब्बल तक हाज़िर हो रहे है | जो बच्चे अपने माँ-बाप के कहने अपर इधर का गिलास उधर नहीं रखते | मोटर साईकल में अपनी पीठ पर वजनी सामान  ढोए फिरते हैं | टेलीविज़न चैनल पर मॉडर्न लड़के लड़कियां पांच सौ रूपये के मोबाइल फ़ोन की खूबियों में चार चाँद लगा रहे हैं | अब लगता है हमारे शो रूम के साथ हम भी आउट डेटेड हो गए हैं | यही सोचते हुए फ्लेट से बाहर निकल टहलते हुए गेट पर और गेट से कुछ आगे निकल गया | सोसाइटी से कुछ दूर कतारवद्ध सारी दुकानों के सट्टरों के आगे आँखे मूंदकर कर दिन भर की थकी मारी छोटी बड़ी गाड़ियाँ सो रही थी | तिरपाल से ढकी ठेलियों के भीतर फल सब्जिंयाँ एक दूसरे के प्यार से लिपटी हुई थी | उनमे जरा भी हलचल नहीं थी | सुमेर को आगे जाना इसलिए उचित नहीं लगा कंही उसके क़दमों की आहट से किसी की  नींद न खराब हो और वापस अपने गेट की ओर लौट आया | दुकानों के आस पास तो यह सोच कर गया था क्या पता कोई चाय की ठेली अब भी खुली हो | चाय के साथ सिगरेट भी पीने को मिल जायेगी लेकिन एसा नहीं हुआ | अभी अभी सुलगती अंगीठी के पास चौकीदार बीड़ी सुलगाकर बैठा ही था कि सुमेर को देख हडबडा कर खड़े होते हुए बोला

 बाबू जी आप ....  इतनी रात को ...
बैठो ... बैठो .... नींद नहीं आ रही थी .... इसलिए ...अभी – अभी बैठा हूँ सोसाइटी का चक्कर काटकर ..मैंने देख लिया था .... मै थोड़ी देर तुम्हारे साथ बैठ आग सेक लूं ....बाबू जी आप .....
लाओ एक बीड़ी मुझे भी दो ....साहेब आप मजाक ....कोई ....अरे नहीं भाई .... इतनी रात को कौन देख रहा है  ...... सुमेर चौकीदार द्वारा जुगाड़ से चार – टागों पर किसी तरह खडी की गयी कुर्सी पर अंगीठी की तरफ आगे हाथ फैलाकर बैठ गया | चौकीदार अपने आप को बड़ा असहज महसूस कुछ दूर खड़ा हो गया | उसे यह भी डर सताने लगा कंही जुगाड़ वाली कुर्सी जबाब न दे दे | अंगीठी से काफी दूर खड़े इतनी ठण्ड में भी उसे पसीना आने लगा | सुमेर सोसाइटी का एसा वेसा आदमी नही बल्कि नए सेक्रेटरी गुप्ता जी से पहले वही सोसाइटी के सेक्रेटरी हुआ करते थे | उनके कार्यकाल में ही तो गणपत यंहा चौकीदारी करने आया था | इससे पहले किसी दूसरी सोसाइटी में वह चौकीदार था | एक रात झपकी आने के जुर्म में  वंहा के सेक्रेटरी ने उसे नौकरी से निकाल दिया | कितना गिडगिडाया साहव मेरे आठ महीने के बेटे को बुखार था | पूरे दिन सोने का समय नहीं मिला | बीबी काम से चार बजे लौटी | लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी | भला हो सोसाइटी में एक काम वाली बाई का | उसी बक्त वह भी काम निपटाकर घर लौट रही थी | कुछ दूर चलते – चलते उसके सामने अपना दुखड़ा रोया | अब कंहा जाऊं | एक महीने तनखा न मिली तो कंहा जाएगा तीन छोटे – छोटे बच्चों और पत्नी को लेकर | पत्नी लोगों के घरों में काम करती है | उसकी तनखा से तो दो बक्त की रोटी भी ठीक से नहीं निकलती | मकान मालिक इतना खडूस किसी महीने यदि एडवांस किराया नहीं मिला तो उसी दिन घर के भांडे वर्तन बाहर सड़क में फ़ेंक देगा | बेचारे उसके पड़ोस में रहने वाले रहमान के साथ ऐसा ही तो किया उसने | पूरे दस – बारह किरायेदारों में से किसी की हिम्मत न पडी उसके सामने रहमान की मदद करने की | किरायेदार ही नहीं मोहल्ले वाले भी कम नहीं डरते उससे | आचरण .... छी ...छी ... एक  किरयादारिन के यंही मरा रहता है रात दिन | किसकी हिम्मत जो उसे कुछ बोले | आदमी जो नहीं है उसका | बड़े – बढ़ों  से जान पहचान है सुसरी की | अब तो सुना है ख़ास पार्टी से चुनाव का टिकट दिला रही है सुसरे को | आजकल गली – गली हाथ जोड़े फिरता है | भेड़िया ....गिरगिट ....| मै भी खाम खां यह दुनिया अच्छे – बुरे इंसानों से भरी पड़ी है | एक सेक्रेटरी ने नौकरी से निकाला दूसरे ने काम वाली बाई की सिफारिश पर नौकरी दी | काम देने वाले के सामने कैसे बैठे | क्या कहे .... बीड़ी वाली बात सुनने के बाद तो जैसे मुंह में ताला ही पड़ गया था | गणपत यह सब सोच ही रहा था कि उसका रात्रिकालीन दोस्त पल्टू गणपत के पैरों के पास पूरे अधिकार से आकर बैठ गया और सामने कुर्सी पर बैठे सुमेर को ध्यान से घूरने लगा जैसे पहली बार उसे देखा हो |

चल बाहर .... जा ..... उठ ....
अरे ... रहेने दो बेचारे को क्यों इस ठण्ड में बाहर भगाते हो .... | सुमेर ने दया भाव से पल्टू की ओर देखकर कहा |
लेकिन साहेब आप तो जानते ही हो यंहा सोसाइटी के भीतर कुत्तों का आना मना है ...
यह क्या बिगाड़ रहा किसी का | अभी थोड़ी देर में चला जायेगा |
हाँ साहेब !  लोग गेट के बाहर तो इसे प्यार से दूध .... डबल रोटी खिलाते हैं | लेकिन गेट के भीतर डंडा मारते हैं । यंहा किसी ने इसे देख लिया तो इसके साथ – साथ मेरी भी सामत आ जायेगी | मेरा तो दोस्त है यह पल्टू | आप जानते हैं..... यह रात को मेरी मदद करता है | जब मैं सोसाइटी का चक्कर काटता हूँ ..  यह गेट की ड्यूटी बजाता है | मेरे से बातें करता है | जब कभी अंगीठी में आग खत्म हो जाती है तो मैं  इसके पेट पर हाथ रख देता हूँ | हाथ गरम .... ठण्ड गायब । ठीक साढ़े चार बजे सुबह  यह गेट के बाहर चला जाता है | पल्टू को सहलाते हुए .. मेरा तो दोस्त है यह ..पल्टू | जानते हो इसका नाम मैंने पल्टू क्यों रखा है | यह गेट के बाहर एकदम पलट जाता है | जैसे मुझे जानता ही नहीं |
ठीक नाम रखा है तुमने इसका .... | माफ करना साहेब मैं न जाने भावुकता में क्या – क्या कह बैठा |
ठीक है कोई बात नहीं |  इंसान भावुकता में मन की बात कह देता है |  जो कभी - कभी उसे भारी पड़ जाती है । लम्बी सांस लेते हुए .. खैर छोड़ो यह सब ..... लाओ बीड़ी दो एक .... |
साहेब सचमुच आप ....हां भई ... दो ...डरते – डरते गणपत ने अपनी सिक्यूरिटी गार्ड की ड्रेस वाली बेल्ट के बीच ठूंसे हुए घोड़े छाप बीडी का बंडल निकाल दिया | उसे अभी भी डर लग रहा था साहेब ने उसे बीडी पीते देख लिया था | इसी बात पर बाहर का रास्ता न दिखा दें | फिर अपने दोस्त की तरफ देखा अब दोस्त तुम ही बताओ क्या करूं | दोस्त ने पलक झपक दी | गणपत का साहस बढ़ा | बीड़ी का बंडल सुमेर की तरफ बढ़ा दिया | सुमेर ने बंडल में से एक  बीड़ी निकाल कर बंडल वापस गणपत को दे दिया । गणपत ने सुमेर के समय दी गयी गार्ड वाली ड्रेस के बेल्ट में झट से ठूंस लिया । 

साहेब मैं अभी आता हूँ एक चक्कर मारकर |

कुछ दूर आगे जाकर अँधेरे का साहरा लेकर वह सुमेर को देखने लगा | मन ही मन सोचने लगा क्या बड़े लोग भी बीड़ी पीते हैं | दस बरस हो गए हैं उसे इन सोसाइटीयों में काम करते हुए आज तक उसने किसी साहब को बीडी पीते नहीं देखा | वह तब तक सुमेर को देखता रहा जब तक सुमेर को अंगीठी में जलते आग के कतरे से बीडी जलाते और कस लगाते अपनी आँखों से नहीं देख लिया | उसको आज यकीन हो गया कि बड़े लोग भी बक्त आने पर बीड़ी पी सकते | उसका दोस्त पल्टू गर्दन जमीन पर सटाकर सो जाने जैसी मुद्रा में ही कभी – कभी सुमेर को देख रहा था |

 पल्टू को आभास हो गया कि कुर्सी में बैठे साहब परेशान हैं | उससे सुमेर की परेशानी नहीं देखी गयी और जमीन पर लेटे – लेटे घसीटता हुआ सुमेर के पैरों पर सिर रख लेट गया | अनायास ही सुमेर का हाथ पल्टू के सिर पर जा पंहुचा और उसे सहलाने लगा | सुमेर को लगा जैसे उसकी सारी परेशानियां जिनसे वह पिछले तीन दिनों से जूझ रहा था पल भर में ही गणपत और पल्टू की आत्मीयता ने दूर कर दी | अब सुमेर की आँखे नींद से भारी होने लगी थी । सोच रहा था उसी जुगाड़ वाली कुर्सी में  सो जाता तो कितना अच्छा होता | लेकिन सुबह किसी ने देख लिया तो | यही सोच कर अपने फ्लेट की ओर बढ़ गया |
@३/२०१६ विजय मधुर 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आभार